इम्फाल, 09 अगस्त (वार्ता) मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने संवेदनशील तथा सीमांत जिलों में तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद किया और उग्रवाद और आपराधिक गतिविधियों में शामिल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि इम्फाल पश्चिम जिले के लाम्फेल थाना क्षेत्र के लांगोल उसोई माखोंग से शुक्रवार को हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया। बरामद वस्तुओं में मैगजीन के साथ एक .303 राइफल, आठ जिंदा कारतूसों के साथ एक 9 मिमी पिस्तौल, मैगजीन के साथ एक .32 पिस्तौल, डेटोनेटर के साथ दो उच्च-विस्फोटक हथगोले, .303 राइफल के 200 से अधिक गोलियां, उच्च घनत्व वाले कारतूस, 12 बोर बंदूर के गोला-बारूद और कई राइफल मैगजीन शामिल हैं। अभियान के दौरान आंसू गैस के गोले, एक सामरिक चाकू, एक बुलेटप्रूफ हेलमेट और बनियान और वायरलेस संचार उपकरण जैसी अतिरिक्त वस्तुएं भी जब्त की गयीं।
पुलिस के अनुसार बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना क्षेत्र के फेरेम्बम पट्टन इलाके से सुरक्षा बलों ने एक डबल बैरल बंदूक, एक खाली मैगज़ीन वाली एक देसी 9 मिमी पिस्तौल, चार अलग-अलग राइफल मैगज़ीन, डेटोनेटर के साथ तीन 36-प्रकार के हथगोले, एक 51 मिमी मोर्टार उच्च-विस्फोटक शेल, नौ आंसू गैस के गोले और 9 मिमी के कारतूस बरामद किये गये।
काकचिंग जिले के काकचिंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत लुसी पट चिंगखोक में आगे की कार्रवाई में एक इंसास राइफल, एक सिंगल बैरल राइफल, एक देसी पिस्तौल, एके और इंसास राइफल के गोला-बारूद, .303 राइफल की गोलियां, मोर्टार शेल, विस्फोटक पैकेट, डेटोनेटर, खाली राइफल मैगज़ीन, बुलेटप्रूफ गियर, एक मैगज़ीन पाउच और एक रेडियो संचार उपकरण जब्त किया गया।
इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर जबरन वसूली और स्थानीय लोगों को धमकाने के मामले में शामिल था। वहीं एक प्रतिबंधित संगठन के एक अन्य सक्रिय कार्यकर्ता को इंफाल पूर्वी जिले के हुइकाप माखा लेइकाई में गिरफ्तार किया गया। तेलीपटी इलाके में दुकानों और निवासियों से जबरन वसूली करने वाले चार लोगों को सुरक्षाकर्मियों ने गिरफ्तार कर लिया। अपराध में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त कर ली गईं।
गौरतलब है कि कुकी संगठनों ने कल से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 2 को अवरुद्ध कर दिया था। सुरक्षा बलों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 37 पर 487 वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाया। आपूर्ति के सुरक्षित और निर्बाध प्रवाह की गारंटी के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा काफिले और अन्य निवारक उपाय किए जा रहे हैं।
