सागर: जिले के बंडा में मंडी से माल बेचकर घर लौट रहे बुजुर्ग किसान से 91,510 रुपए की जेब काटकर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को बंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अंजलि उदेनिया के नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई में चोरी की पूरी नगदी भी बरामद कर ली गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 68 वर्षीय आनंदी पिता जबोल प्रजापति, निवासी बकपुरा, मंडी में अनाज बेचकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंडी गेट के बाहर भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने उनकी जेब से नगदी निकाल ली।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बंडा में मामला दर्ज होते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान ग्राम चंद्रपुरा पारदी टोला, थाना सुरखी के सोनू पारदी और राजेंद्र पारदी के रूप में हुई। दोनों को बहरिया से दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद चोरी की पूरी राशि बरामद कर ली गई।
