नयी दिल्ली, (वार्ता) विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने आज बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर चैंपियनशिप 2025 – सुहांदिनाता कप (मिश्रित टीम स्पर्धा) के लिए ड्रॉ की घोषणा की। यह स्पर्धा 6 से 11 अक्टूबर 2025 तक गुवाहाटी के अमिंगाँव स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित की जाएगी। दूसरी वरीयता प्राप्त भारत ग्रुप एच में हांगकांग, नेपाल और घाना के साथ प्रतिस्पर्धा करेगा।
यह प्रतिष्ठित वैश्विक जूनियर टीम स्पर्धा 2008 के बाद पहली बार भारत में आयोजित की जा रही है और इसमें दुनिया भर की 37 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट के प्रारूप में प्रत्येक ग्रुप का विजेता क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगा।
शीर्ष वरीयता प्राप्त थाईलैंड को ग्रुप ए में डेनमार्क, स्लोवेनिया और कुक आइलैंड्स के साथ रखा गया है। गत चैंपियन इंडोनेशिया को ग्रुप सी में तुर्किये, रोमानिया और नीदरलैंड के साथ रखा गया है, जबकि 14 बार की चैंपियन चीन का सामना ग्रुप ई में जापान, सिंगापुर, ब्राजील और भूटान से होगा।
इस वर्ष प्रतियोगिता में एक नए रिले प्रारूप का परीक्षण किया जाएगा। नए प्रारूप में बेस्ट ऑफ़ थ्री सेट होंगे, जहां रिले प्रारूप में 45 अंक तक पहुंचने वाली टीम एक सेट जीत जाती है। एक सेट में पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल के मैच होंगे, जिसमें पहला मैच एक टीम के नौ अंक तक पहुंचने के बाद समाप्त होगा और अगला मैच शुरू होगा। इससे पहले, रिले प्रारूप में 10 मैचों में 110 अंकों की दौड़ के साथ एक सेट होता था।
भारतीय टीम के लिए, बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप 2025 के पदक विजेताओं को सीधे प्रवेश मिलेगा, जबकि शेष स्थानों का फैसला उसी स्थान पर 9 से 13 अगस्त 2025 तक चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। ट्रायल के लिए पात्र खिलाड़ियों में बाई रैंकिंग कट-ऑफ को पूरा करने वाले खिलाड़ी, बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड जूनियर टॉप 20 में स्थान पाने वाले भारतीय शटलर और 29 जुलाई 2025 तक बीडब्ल्यूएफ सीनियर टॉप 50 में स्थान पाने वाले जूनियर खिलाड़ी शामिल हैं। बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप 2025 के लिए भारतीय टीम में चुने गए सभी खिलाड़ियों को भी ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया है, सिवाय उन पदक विजेताओं के जिन्हें पहले से ही सीधे प्रवेश मिल चुका है।
सुहांदिनाता कप के बाद, व्यक्तिगत स्पर्धाएं भी 13 से 19 अक्टूबर 2025 तक गुवाहाटी के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित की जाएंगी ।
बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर चैंपियनशिप 2025 – सुहांदिनाता कप के लिए समूह:
• समूह ए : थाईलैंड, डेनमार्क, स्लोवेनिया, कुक आइलैंड्स
• समूह बी : चीनी ताइपे, संयुक्त अरब अमीरात, कनाडा, इंग्लैंड, नॉर्वे
• समूह सी : इंडोनेशिया, तुर्की, रोमानिया, नीदरलैंड
• समूह डी : पोलैंड, अमेरिका, हंगरी, आयरलैंड, फिलीपींस
• समूह ई : चीन, जापान, सिंगापुर, ब्राजील, भूटान
• समूह ऍफ़ : मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, स्लोवाकिया, वियतनाम
• समूह जी: फ्रांस, कोरिया, पुर्तगाल, मिस्र, युगांडा
• समूह एच : भारत, हांगकांग, नेपाल, घाना
