सरई: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरई में रेडक्रॉस इकाई की छात्राओं ने एक अनूठी पहल करते हुए पेड़ों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। यह प्रेरणादायी कार्यक्रम रेडक्रॉस प्रभारी माखन लाल के कुशल मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य ललित द्विवेदी, शिक्षक शिवरंजन, सत्य प्रकाश एवं आदित्य जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आयोजन से पूर्व विद्यालय परिसर में राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने घर पर ही कागज, धागा और पत्तियों जैसे इको-फ्रेंडली सामग्री से आकर्षक राखियां तैयार कीं। प्रतियोगिता में तैयार की गई सुंदर-सुंदर राखियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अवलोकन करते हुए शिक्षकों ने मूल्यांकन कर अंक प्रदान किए।प्रतियोगिता में अनुष्का गुप्ता ने प्रथम, अर्पिता द्विवेदी ने द्वितीय एवं अर्चना जायसवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पेड़ों को राखी बांधते हुए “हरित धरा, सुरक्षित जीवन” का संदेश दिया।
रेडक्रॉस सदैव सेवा, सद्भावना और समर्पण की भावना का प्रतीक रहा है। इस अवसर पर छात्राओं ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया, बल्कि शासन की “एक पेड़ मां के नाम” योजना को भी सार्थक रूप से आगे बढ़ाया। समाज में इस पहल को एक अनोखे पर्यावरणीय संदेश के रूप में सराहा जा रहा है, जिससे जनमानस में हरित चेतना का प्रसार होगा। विद्यालय परिसर में गूंजते रक्षाबंधन के गीत, हरी पत्तियों से लिपटे वृक्ष और मासूम हाथों का स्पर्श—यह सब मिलकर प्रकृति और मानव के बीच अटूट रिश्ते का जीवंत प्रतीक बन गया।
