बैंकॉक 07 अगस्त (वार्ता) थाईलैंड सरकार ने चीन और स्वीडन के साथ रक्षा सौदों को मंजूरी दी है जिसमें स्वीडिश ग्रिपेन लड़ाकू विमानों, दो विदेशी निर्मित युद्धपोत और चीन के साथ एक पनडुब्बी सौदे को अंतिम रूप देना शामिल है।
द नेशन ने अपनी एक रिपोर्ट में जानकारी दी है।
बुधवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि स्वीडिश लड़ाकू विमान अमेरिकी एफ-16 विमानों की जगह लेंगे जो 37 वर्षों से थाई वायु सेना में सेवारत हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस खरीद में तीन सिंगल-सीट एसएएबी जेएएस-39 ग्रिपेन ई विमान और एक दो-सीट ग्रिपेन एफ विमान, साथ ही सहायक प्रणालियाँ और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध उपकरण शामिल हैं। विमान आधुनिक मेटियोर एयर-टू-एयर मिसाइलों और अन्य हथियारों से लैस होंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इन 12 विमानों की कुल लागत 60 अरब थाई बाहत (1.85 अरब डॉलर) होने का अनुमान है।
रिपोर्ट के अनुसार कैबिनेट ने थाई नौसेना के लिए 35 अरब थाई बाहत की लागत से दो युद्धपोत खरीदने को भी मंजूरी दी है। यह खरीद कथित तौर पर नौसेना की रणनीतिक योजना का हिस्सा है जिसके तहत 2037 तक आठ युद्धपोत हासिल करने की योजना है ताकि थाईलैंड की खाड़ी और अंडमान सागर दोनों में देश की समुद्री सुरक्षा को मज़बूत किया जा सके।
रिपोर्ट के अनुसार कैबिनेट ने एस26टी पनडुब्बियों की खरीद के अनुबंध में संशोधन को भी मंजूरी दी है, जिसके तहत इंजन के विनिर्देशों को बदलकर चीन निर्मित सीएचडी 620 मॉडल का इस्तेमाल किया जाएगा। डिलीवरी की तारीख बढ़ा दी गई है और पहली पनडुब्बी 2030 में आने की उम्मीद है।
रिपोर्ट में बताया गया है डीज़ल पनडुब्बियों के लिए अनुबंध पर थाईलैंड ने मूल रूप से चीन की सरकारी स्वामित्व वाली चाइना शिपबिल्डिंग एंड ऑफशोर इंटरनेशनल कंपनी लिमिटेड के साथ 2017 में हस्ताक्षर किए थे और पहली पनडुब्बी 2023 में आपूर्ति की जानी थी। हालाँकि, जर्मनी ने चीन को रणनीतिक उपकरणों की आपूर्ति पर यूरोपीय संघ के प्रतिबंध के कारण थाईलैंड और चीन के बीच अनुबंध में निर्दिष्ट एमटीयू 396 इंजन की आपूर्ति करने से इनकार कर दिया है।
