वाशिंगटन, 07 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का कार्यालय ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन की निगरानी करने वाले नासा के दो मिशन बंद करेगा।
न्यूज़मैक्स प्रसारक ने एजेंसी के हवाले से बुधवार को कहा “ ईमेल द्वारा भेजे गए एक बयान में नासा ने कहा कि ये मिशन अपने मुख्य उद्देश्य से परे हैं और राष्ट्रपति के एजेंडे और बजट प्राथमिकताओं के अनुरूप इन्हें समाप्त किया जा रहा है।”
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि श्री ट्रम्प के वित्तीय वर्ष 2026 के बजट अनुरोध में उन कार्बन वेधशालाओं के लिए फंडिंग शामिल नहीं है जो कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन और अवशोषण के साथ-साथ कृषि फसलों की स्थिति पर सटीक नज़र रख सकें।
पोलिटिको ने जुलाई की शुरुआत में बताया था कि व्हाइट हाउस के सरकारी खर्च में कटौती पर ध्यान केंद्रित करने के कारण नासा के 2,000 से ज़्यादा वरिष्ठ कर्मचारियों की छंटनी की जा सकती है। जुलाई के अंत में लगभग 300 वर्तमान और पूर्व नासा कर्मचारियों ने छंटनी, संघीय नियमों के उल्लंघन और एजेंसी के मिशनों को कमज़ोर करने के लिए ट्रम्प प्रशासन की आलोचना की।

