ऑनलाइन हुई गांधी मैदान और श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल की बुकिंग, आयुक्त ने किया वेबसाइट लांच

पटना, 06 अगस्त (वार्ता) पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ चंद्रशेखर सिंह ने आज गांधी मैदान और श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल के ऑनलाइन बुकिंग के लिये तैयार की गयी वेबसाइट का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल आम जनता को सुविधा प्रदान करने के साथ- साथ प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

आयुक्त डॉ. सिंह ने बताया कि अब इच्छुक व्यक्ति या संस्थान घर बैठे, कहीं से भी इन प्रतिष्ठित स्थानों का आरक्षण वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। आरक्षण के लिए केवल एक हजार रुपये का निबंधन शुल्क जमा कर आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से उन आयोजकों के लिए उपयोगी होगी जो पटना से बाहर रहते हैं और उन्हें बार- बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे।

वेबसाइट की विशेषताओं की चर्चा करते हुए आयुक्त ने कहा कि यह एक यूजर-फ्रेंडली, सॉफिस्टिकेटेड और रिस्पॉन्सिव प्लेटफॉर्म है, जिसे मोबाइल से भी आसानी से एक्सेस किया जा सकता है। इसकी डिज़ाइनिंग आकर्षक है और संचालन, होस्टिंग और मेंटेनेंस के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की गई हैं।

मौके पर आयुक्त ने कहा कि श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति एक लोकहितकारी संस्था है और इसके संचालन के लिए सभी संबंधित स्टेकहोल्डर्स को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने दोहराया कि आम जनता को सर्वोत्तम सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से यह नवाचार किया गया है।

वेबसाइट लोकार्पण के दौरान आयुक्त के सचिव श्री विनय कुमार ठाकुर, संयुक्त आयुक्त-सह-सचिव और प्रभारी पदाधिकारी श्री मनोज चौधरी, उप- निदेशक (आईटी) एनआईसी श्री अभिषेक कुमार सहित श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

Next Post

सूची पुनरीक्षा पर इंडिया गठबंधन सोमवार को विजय चौक से चुनाव आयोग मुख्यालय तक करेगा मार्च

Wed Aug 6 , 2025
नयी दिल्ली 06 अगस्त (वार्ता) विपक्षी इंडिया गठबंधन के मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर आपसी एक जुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि के बिहार की सूची के पुनरीक्षण में धांधलियों को उजागर करने के लिए संसद में चर्चा चाहते हैं और वे अपना विरोध प्रदर्शन […]

You May Like