
जबलपुर। मेजर जनरल संजय गौतम ने मध्य भारत एरिया के चीफ ऑफ़ स्टाफ का कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण किया। उन्होंने मेजर जनरल पीएस दहिया से इस पदभार को ग्रहण किया, जो हाल ही में शानदार सैन्य सेवा काल के उपरान्त सेवानिवृत हो चुके हैं। जनरल अफसर दिसंबर 1993 में भारतीय सेना में कमीशन हुए थे और उन्हें मैकनाइज़्ड इन्फेंट्री में नियुक्त किया गया था। जनरल अफसर एक अत्यंत अनुभवी और विशिष्ट सैन्य अधिकारी हैं। उन्हें भारतीय सेना की विभिन्न इकाइयों एवं मुख्यालयों में नेतृत्व, प्रशिक्षण और संचालन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी सेवा के दौरान, जनरल ऑफिसर ने ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन राईनो में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । मध्य भारत एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पी एस शेखावत ने मेजर जनरल संजय गौतम को चीफ ऑफ़ स्टाफ का कार्यभार संभालने पर बधाई दी और मध्य भारत एरिया की परम्पराओं को आगे बढ़ाते हुए उच्चतम स्तर की पेशेवर क्षमता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की आशा व्यक्त की।
