मुंबई 07 सितंबर (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने सितंबर के पहले सप्ताह में भारतीय पूंजी बाजार से 9,431 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की।
केंद्रीय डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार एफपीआई ने बीते सप्ताह इक्विटी में 12,257 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। डेट को छोड़कर अन्य सभी सेगमेंट में वे बिकवाल रहे। डेट में उन्होंने 3,534 करोड़ रुपये लगाये।
आलोच्य सप्ताह में म्यूचुअल फंड में एफपीआई निवेश 742 करोड़ रुपये घट गया। वहीं हाइब्रिड इंस्ट्रूमेंट में उन्होंने 42.38 करोड़ रुपये की निकासी की।
यह लगातार चौथा महीना है जब एफपीआई बिकवाली कर रहे हैं। इससे पहले अगस्त में उन्होंने 20,635 करोड़ रुपये, जुलाई में 5,261 करोड़ रुपये और जून में 7,769 करोड़ रुपये निकाले थे।
इस साल मार्च और मई को छोड़कर शेष सभी महीने वे बिकवाल रहे हैं। पूरे कैलेंडर वर्ष में उनकी शुद्ध निकासी 51,471 करोड़ रुपये रही थी।
