सिंगरौली : तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक जिले सिंगरौली के सुनियोजित एवं समग्र विकास को लेकर प्रशासन अब गंभीरता के साथ व्यापक कार्य योजना तैयार करने में जुट गया है। जिले के भ्रमण पर आए रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंगरौली शहर और जिले के दीर्घकालीन विकास को ध्यान में रखते हुए एक व्यापक, व्यवस्थित और समयबद्ध कार्य योजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत की जाए।
बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद की अध्यक्षता तथा कलेक्टर गौरव बैनल की उपस्थिति में आयोजित हुई।
बैठक के दौरान शहर की आधारभूत संरचना, सड़क नेटवर्क, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, फूड पार्क, विद्यालय, चिकित्सालय, खेल मैदान, हाट-बाजार और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कमिश्नर ने कहा कि सिंगरौली जैसे तेजी से बढ़ते जिले के लिए योजनाबद्ध विकास अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य की आवश्यकताओं को समय रहते पूरा किया जा सके।
वहीं कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की प्रमुख सड़कों की कनेक्टिविटी उ.प्र. एवं छग. की सीमाओं से जुड़ने वाले बाईपास मार्गों तक विकसित की जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम हो और भारी वाहनों का दबाव शहर के भीतर कम किया जा सके। देवसर एवं चितरंगी क्षेत्र की सड़कों को भी मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिपं सीईओ जगदीश गोमे, एडीएम पीएस त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, एसडीएम सुरेश जाधव, ननि डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस, कार्यपालन यंत्री तेजस्विनी शुक्ला, एमपीआरडीसी महाप्रबंधक समीर गोहर, ननि कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
देवसर, चितरंगी और माड़ा क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुधारने पर बल
बैठक में कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग एवं एमपीआरडीसी को निर्देशित किया गया कि बैढ़न-सरई, देवसर एवं चितरंगी बाईपास सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ कार्य योजना में शामिल किया जाए। इसके साथ ही शहर के मध्य स्थित प्रमुख सड़कों को बाईपास मार्गों से जोड़ने की दिशा में प्रारंभिक कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक योजना में परसौना से माड़ा तथा परसौना से निगाही तक सड़क निर्माण सहित देवसर, चितरंगी एवं माड़ा क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों को शामिल किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक द्वारा विभागीय प्रस्तावित सड़कों एवं कनेक्टिविटी विस्तार की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
शहर का भ्रमण कर स्थलों का लिया जायजा
कमिश्नर बीएस जामोद एवं कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा शहर के अधोसंरचना विकास में शामिल किए जाने के लिए शहर की प्रमुख सड़कों, बाईपास मार्गों तथा विगत दिवस जिले के प्रवास पर आए सीएम डॉ. मोहन यादव द्वारा जिले के विकास से संबंधित की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में शहर का भ्रमण कर अधोसंरचना विकास में शामिल किए जाने वाले स्थलों का जायजा लिया गया। साथ ही मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि समय-सीमा के भीतर कार्ययोजना तैयार कर विकास कार्यों को मूर्त रूप दिया जा सके। भ्रमण के दौरान मोरवा वार्ड क्रमांक 10 पहुंचकर एनसीएल जयंत कोल माइंस द्वारा किए जा रहे विस्थापन क्षेत्रों का अवलोकन किया गया।
