इंदौर:नगर निगम महापौर परिषद की बैठक में दो बड़े विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. बैठक में नर्मदा जल योजना के चौथे चरण को स्वीकृति दी गई, जिसके तहत शहर को 900 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिलेगा. साथ ही अमृत 2.0 योजना के तहत 37 नई पानी की टंकियों का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिस पर 650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी.
एक अन्य निर्णय में निगम की पुरानी इमारत तोड़कर 309 करोड़ की लागत से नई आइकॉनिक बिल्डिंग बनाने हेतु टेंडर आमंत्रित करने का प्रस्ताव पारित किया गया. इस बहुमंजिला भवन में नीचे व्यवसायिक परिसर और ऊपर निगम कार्यालय होंगे. यह परियोजना बैंक लोन से संचालित होगी.इसके अलावा कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को बर्खास्त करने का प्रस्ताव भी एमआईसी ने पारित कर परिषद में भेजने का निर्णय लिया. बैठक में आयुक्त शिवम वर्मा, अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
