
देवास। जिले के पीपलरावां थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनकच्छ रोड पर स्थित सूरजना फाटे के पास सोमवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। घटना में तेज़ रफ्तार से आ रही अल्टो कार ने सामने से आ रही बाइक को ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी।
हादसे में बाइक सवार कमल (निवासी सिरोलिया, जिला शाजापुर) और देवकरण (निवासी नागझिरी) की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे युवक गजराज (निवासी लसूड़िया मेहा, शाजापुर) को गंभीर अवस्था में पहले सोनकच्छ अस्पताल ले जाया गया और वहां से देवास रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घायलों को काफी देर तक मदद नहीं मिल पाई। एम्बुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते घायल युवकों को पुलिस ने अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि कार की तेज़ रफ्तार हादसे का मुख्य कारण बनी। वहीं स्थानीय लोगों में एम्बुलेंस सेवाओं की लचर व्यवस्था को लेकर नाराज़गी देखी गई।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन युवकों की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
