नयी दिल्ली 04 अगस्त (वार्ता) रक्षा मंत्रालय ने पहलगाम आतंकवादी हमले में शामिल हमलावरों की पहचान और पृष्ठभूमि से संबंधित रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा है कि सशस्त्र बलों ने इस तरह के कोई दस्तावेज जारी नहीं किए हैं और न ही इस तरह की कोई टिप्पणी की है।
रक्षा मंत्रालय ने हमलावरों की पहचान को लेकर मीडिया विशेष रूप से सोशल मीडिया में आ रही रिपोर्ट के बाद यह स्पष्टीकरण जारी किया है।
मंत्रालय ने कहा है कि यह रिपोर्ट खुले स्रोतों से एकत्रित मुठभेड़ के बाद की जानकारी का संकलन प्रतीत होती है।
मंत्रालय ने कहा ,“ पहलगाम हमलावरों की पहचान और पृष्ठभूमि पर एक रिपोर्ट मीडिया/सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से प्रसारित की जा रही है और इसे सेनाओं के हवाले से बताया जा रहा है। भारतीय सशस्त्र बलों के किसी भी अधिकृत मीडिया हैंडल ने ऐसा कोई दस्तावेज़ तैयार या जारी नहीं किया है। न ही सशस्त्र बलों के जनसंपर्क कार्यालयों/मनोनीत प्रवक्ताओं द्वारा इस प्रकार की कोई टिप्पणी की गई है। यह रिपोर्ट खुले स्रोतों से एकत्रित मुठभेड़ के बाद की जानकारी का संकलन प्रतीत होती है।“
उल्लेखनीय है कि संसद में केंद्रीय गृह मंत्री के ऑपरेशन महादेव में पहलगाम हमले में शामिल तीनों आतंकवादियों के सेना के साथ मुठभेड़ में मारे जाने की जानकारी देने के बाद सोशल मीडिया पर आतंकवादियों की पहचान के बारे में अलग अलग तरह की रिपोर्ट आ रही हैं।
