आम महिलाओं की छोड़ो दिल्ली में महिला सांसद तक सुरक्षित नहीं : प्रियंका

नयी दिल्ली, 04 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली के अति सुरक्षित चाणक्यपुरी इलाके में एक महिला सांसद की चेन छीनने की घटना पर हैरानी जताते हुए कहा है कि जब राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में महिला सांसद सुरक्षित नहीं है तो आम महिलाओं की क्या स्थिति होगी इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।

श्रीमती वाड्रा ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों के सवाल पर कहा कि दिल्ली में दूतावास के आस-पास के इलाके आमतौर पर सुरक्षित होते हैं। ऐसे में वहां चेन छीनने की घटना आश्चर्यजनक है।

श्रीमती वाड्रा ने कहा “अगर एक सांसद के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है, तो दिल्ली जैसे शहरों में रोज़ाना ऐसी ही समस्याओं का सामना करने वाली आम महिलाओं की स्थिति की कल्पना कीजिए। इसके लिए अधिकारियों को और अधिक ध्यान देने की ज़रूरत है।”

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा “ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था जैसी कोई चीज नहीं बची है। दिल्ली में एक महिला सांसद की चेन छीन ली गई। बिहार में आए दिन हत्याएं हो रही हैं। कुल मिलाकर बात यही है भाजपा के शासन में जनता सुरक्षित नहीं है।’’

गौरतलब है कि महिला सांसद एवोकेट सुधा ने इस घटना की रिपोर्ट लिखाते हुए कहा है कि वह एक अन्य महिला सांसद के साथ सुबह छह बजे घूमने जा रही थीं कि उनकी चेन चाणक्यपुर इलाके में छीन ली गई। उन्होंने शोर भी मचाया लेकिन बदमाश चुपचाप भाग गये। पुलिस वाहन में बैठे पुलिसकर्मियों की उन्होंने घटना की जानकारी दी लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया और कहा कि शिकायत दर्ज करवा दीजिए। बाद में घटना की शिकायत दर्ज की गई है।

 

 

Next Post

किलेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी का आयोजन

Mon Aug 4 , 2025
नीमच। किलेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी धूमधाम से निकाली गई। इस आयोजन का संयोजन शहर के समाजसेवी अरुल अशोक गंगानगर परिवार द्वारा किया गया। शाही सवारी किलेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, चौकन्ना बालाजी, चौराहा, अग्रसेन वाटिका, जाजू बिल्डिंग, तिलक मार्ग और बरादरी से होते हुए भारत […]

You May Like