इंदौर:एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले ग्रुप मुकाबले को लेकर विरोध तेज हो गया है. इंदौर के कांग्रेस सेवादल के कार्यवाहक अध्यक्ष विवेक खंडेलवाल ने 14 सितंबर को होने वाले इस मैच को रद्द करने की मांग करते हुए आत्मदाह की चेतावनी दी है. यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है.
खंडेलवाल का कहना है कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी हमलों में निर्दोष भारतीय मारे जा रहे हैं और पहलगाम हमले में 26 नागरिकों की हत्या कर 26 परिवारों के घर का चिराग बुझा दिया.
ऐसे में केंद्र सरकार का भारतीय टीम को पाकिस्तान के साथ खेलने की अनुमति देना “देशवासियों के घावों पर नमक छिड़कने” जैसा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के खिलाफ कड़े फैसले लेने के बाद भी अब एशिया कप के नाम पर उसी देश की टीम से खेलना 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है. यह निर्णय पैसों के लालच में लिया गया है या किसी और कारण से, यह सवाल उठ रहा है.
खंडेलवाल ने साफ चेतावनी दी कि यदि भारत-पाक मुकाबला नहीं रोका, तो वे 14 सितंबर को इंदौर में आत्मदाह करेंगे. उन्होंने कहा कि हम 140 करोड़ भारतीय, उन पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं, जिनके आंसू अब तक नहीं सूखे. इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और बीसीसीआई सचिव जय शाह को पत्र भेजकर मैच रद्द करने की मांग की है
