जबलपुर:सड़क हादसों पर नियंत्रण लाने के उद्देश्य से रविवार के दिन जबलपुर-भोपाल हाईवे 45 नेशनल हाईवेअंतर्गत शहपुरा से करीब 50 गौवंशों को पकड़कर सुरक्षित फुलर ग्राम स्थित गौशाला में भेजा गया। पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर, शहपुरा उप निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों के साथ नगर परिषद् के कर्मचारियों व ग्राम कोटवारों ने आवारा मवेशियों को पकड़ा और पशु वाहन के जरिए उन्हें गौशाला में भिजवाया।
अधिकांशत: देखा गया है कि नेशनल हाईवे की बीच सड़क पर आवारा मवेशियों का जमघट लगा रहता है और फिर गौवंश भी सड़क हादसे का शिकार हो जाते हैं तो वहीं दूसरी तरफ सड़क हादसे इनकी वजह से घटित हो जाते रहे हैं।विदित हो कि कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कुछ दिन पहले ही आदेश जारी किए थे कि सड़क व नेशनल हाईवे में घूम रहे या बैठे हुए आवारा मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित गौशाला भेजा जाए। जिसके बाद जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने भी सभी जनपद मुख्यालयों को आदेशित किया था। इसके साथ ही प्रशासन के जिम्मेदारों द्वारा मुनादी कराकर पालकों से अपने-अपने मवेशियों को सड़क से हटाने की अपील की जा रही है।
