स्वदेशी वस्तुओं की खरीद और बिक्री को लेकर 10 अगस्त से कैट का राष्ट्र व्यापी अभियान : खंडेलवाल

नयी दिल्ली, 03 अगस्त (वार्ता) कन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘भारतीय सामान खरीदो और बेचो’ की अपील को समर्थन देते हुए घोषणा की है कि 10 अगस्त से इस संबंध में राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा जिसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना है।

यहां आयोजित कैट के दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन में रविवार को यह निर्णय लिया गया। इस सम्मेलन में देश के 26 राज्यों के 150 से अधिक व्यापारी नेताओं ने भाग लिया। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि सभी व्यापारी नेताओं ने एक स्वर से श्री मोदी के आह्वान को भारत की अस्मिता का प्रतीक बताते हुए इस अभियान का नाम ‘भारतीय सामान – हमारा स्वाभिमान’ रखने का निर्णय लिया है और कहा है कि प्रधानमंत्री की यह अपील आत्मनिर्भर भारत की भावना को सशक्त करती है।

उन्होंने कहा, “विदेशी कंपनियों की एकाधिकारवादी नीतियों से बचकर यदि हम अपने देश के उत्पादों को बढ़ावा देंगे, तो इससे न केवल हमारा व्यापार मजबूत होगा बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था और रोजगार भी सशक्त होंगे।”

उन्होंने कहा कि विदेशी कंपनियों की अनुचित व्यापार नीतियों से छोटे व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता आज विश्वस्तरीय है और कीमत भी उचित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील से भारतीय उत्पादों की खरीद से स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और व्यापारियों को समर्थन मिलेगा। विदेशी वस्तुओं की अंधाधुंध खपत से भारत का व्यापार घाटा बढ़ता है जिसको रोकना जरूरी है। इससे भारतीय संस्कृति, कुटीर उद्योग और हस्तशिल्प के संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।

वहीं, कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी सी भरतिया ने अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि देश भर में फैले 48,000 से अधिक व्यापारी संघटनों की भागीदारी के साथ यह अभियान पूरे देश में चलाया जाएगा। हर राज्य तथा ज़िले में व्यापारी, उपभोक्ता तथा नागरिक समाज के साथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया, पोस्टर, रैलियों और जन संवाद के माध्यम से लोगों को भारतीय उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्कूल, कॉलेज, व्यापार मंडल, गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) और समाज के हर वर्ग को जोड़ा जाएगा।

कैट ने सभी व्यापारियों से आह्वान किया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर ‘केवल भारतीय सामान उपलब्ध है’ जैसे पोस्टर लगाएं और ग्राहकों को स्वदेशी वस्तुएं अपनाने के लिए प्रेरित करें। यह अभियान भारत के आर्थिक स्वाभिमान की नींव को और मज़बूत करेगा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

 

 

Next Post

ग्वालियर स्टेशन पर कांवड़ियों का हंगामा, ट्रेन के पार्सल डिब्बे का ताला तोड़ा, पार्सल प्लेटफॉर्म पर फेंके

Sun Aug 3 , 2025
ग्वालियर: ग्वालियर स्टेशन पर कांवड़ियों ने जबरदस्त हंगामा कर दिया। कांवड़िए ट्रेन के पार्सल डिब्बे में रखे सामान को बाहर फेंकते हुए देखे गए। यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुई।जम्मू कटरा से भोपाल जा रही नवयुग एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 16788) ग्वालियर स्टेशन पर कुछ समय के लिए रुकी थी। […]

You May Like