बालाघाट: मध्य प्रदेश को दो नई ट्रेनों की सौगात दी गई है। इनमें से एक ट्रेन प्रतिदिन चलने वाली जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और दूसरी साप्ताहिक ट्रेन रीवा-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन है। इन ट्रेनों के प्रारंभ होने से बालाघाट को भी एक बड़ी सौगात मिली है। यह दोनों ट्रेन बालाघाट से होकर गुजरंगी । बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने 03 अगस्त को इन ट्रेनों के बालाघाट रेलवे स्टेशन पहुंचने पर स्वागत किया और झंडी दिखाकर रायपुर एवं जबलपुर के लिए रवाना किया।
बालाघाट जिले को इन दोनों ट्रेनों की सौगात मिलने से इस क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, व्यवसायियों एवं आमजन को आवागमन की अच्छी सुविधा मिलेगी और इससे जिले के विकास को गति मिलेगी। सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि गोंदिया-जबलपुर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण का कार्य भी प्रारंभ कराया जाएगा और इसके लिए केंद्रीय रेल मंत्री द्वारा आश्वासन दिया गया है । रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण का कार्य उनके कार्यकाल में ही शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बालाघाट जिले को आने वाले समय में और भी लंबी दूरी की ट्रेनों की सौगात दिलाई जाएगी। सांसद श्रीमती पारधी ने मध्य प्रदेश को दो नई ट्रेनों की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद दिया है और उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।इस अवसर पर मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम हरिनखेड़े, पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, राम किशोर (नानो) कावरे एवं अन्य गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
