इंदौर: परदेशीपुरा क्षेत्र में एक कोल्ड ड्रिंक ऑर्डर को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ तक पहुंच गया. मामले में पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में दो प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.पहले मामले में फरियादी रुपम गौहर 32 निवासी परदेशीपुरा ने बताया कि उन्होंने अपने मोबाइल से स्विगी के जरिए कोल्ड ड्रिंक ऑर्डर किया था.
देर रात करीब 1:10 बजे दो युवक बाइक से पहुंचे और 160 रुपए ऑनलाइन व 60 रुपए नकद लेकर दो बोतल पेप्सी व थम्स अप दीं. बोतलें गर्म होने पर आपत्ति जताने पर डिलीवरी करने वाले किशोर देवड़ा और उसका साथी कुलदीप राठौर बहस करने लगे और मां-बहन की अश्लील गालियां दीं. इस पर परदेशीपुरा पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है.
इसी तरह दूसरे मामले में फरियादी कुलदीप राठौर 21 निवासी बड़ी भमोरी ने आरोप लगाया कि उसी विवाद के दौरान आदिल गोरी, लव बैण्डवाल, केश गौहर और मनीष बैण्डवाल ने उसे, उदय पंवार 18 और आदित्य 16 को मारपीट कर चोट पहुंचाई. आरोपियों ने उदय पंवार की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एमपी 09 डीएल 5997 पर पत्थर व डंडों से हमला कर टंकी, मास्क, टूल बॉक्स, फुटरेस्ट, मीटर और रिम तोड़ दिए. साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी. दोनों ही मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
