
गोविन्द नगर।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त का हस्तांतरण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वाराणसी से किया गया। इस दिन को किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर करोड़ों किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
नर्मदापुरम के गोविंदनगर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। तकनीकी व्याख्यान सहित आयोजित कार्यक्रम में 410 किसान और महिला किसान शामिल हुए। जनपद पंचायत पिपरिया अध्यक्ष संध्या सिगारे ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अन्य अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य भागवती पटेल, न्यास उपाध्यक्ष उम्मेद सिंह पटेल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार गर्ग के मार्गदर्शन में किसानों को जैविक खेती व योजनाओं की जानकारी दी गई। डॉ. आकांक्षा पाण्डेय ने संचालन व ब्रजेश कुमार नामदेव ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम उपरांत किसानों ने उत्पादन इकाइयों का भ्रमण भी किया।
