
रीवा, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जयघोष, धर्मध्वजाओं की भव्यता और सनातन संस्कृति के गौरवशाली उद्घोष के बीच गुरुवार को रीवा नगरी राममय हो उठी. हिन्दू उत्सव समिति धर्म परिवार द्वारा विजयादशमी पर्व पर रावण वध के उपरांत प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार निकाली गई श्रीराम धर्म विजय शोभायात्रा ने शहर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का अनुपम संदेश दिया. शोभायात्रा के दौरान गूंजते जय श्रीराम के नारों से समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया.
जगह-जगह भगवान श्रीराम दरबार की आरती उतारकर भव्य स्वागत किया. हिन्दू उत्सव समिति धर्म परिवार के अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू एवं आजीवन संरक्षक सुनील अग्रवाल के नेतृत्व में निकाली गई श्रीराम धर्म विजय शोभायात्रा का शुभारंभ मानस भवन से हुआ. यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों शिल्पी प्लाजा, प्रकाश चौराहा, स्टैचू चौराहा, साईं मंदिर होते हुए पुन: मानस भवन पहुंची, जहां भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना एवं आराधना के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ.
