
छतरपुर (गढ़ीमलहरा)।पुलिस ने गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के एक मंदिर के पास जुआ खेल रहे 11 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी रीता सिंह के नेतृत्व में की गई, जिन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थल पर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां जुआ खेलते 11 लोगों को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने मौके से ₹26,400 नकद, एक स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और वनप्लस, सैमसंग, रियलमी, वीवो और ओप्पो कंपनियों के कुल 10 मोबाइल फोन जब्त किए। साथ ही जुए में प्रयुक्त ताश के पत्तों की गड्डी भी बरामद की गई। जब्त की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत सवा दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में नीरज कुमार चौरसिया, मुकेश कुमार चौरसिया, शिवम चौरसिया, अमित कुमार चौरसिया, शैवेन्द्र कुमार चौरसिया, संतोष चौरसिया, राजकुमार चौरसिया, अतुल चौरसिया, पंचम लाल चौरसिया, सुवान अली और ओमप्रकाश सोनी शामिल हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थल पर जुआ खेलकर क्षेत्र का माहौल खराब करने के आरोप में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) के तहत भी अलग से कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
