बीड (महाराष्ट्र) 02 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र के बीड़ में रहने वाले एक युवक को सोशल मीडिया पर अयोध्या के श्रीराम मंदिर को बम से उड़ाने में मदद के लिए एक संदेश मिला है और कहा जा रहा है कि उसे पाकिस्तान से भेजा गया है।
युवक को भेजे गये संदेश में श्रीराम मंदिर को बम से उड़ाने और उसके एवज में एक लाख रूपये देने के साथ इस काम के लिए 50 लोगों को भर्ती करने का भी आग्रह किया गया है।
संदेश भेजने वाले शख्स ने धमकी दी है कि मंदिर को आरडीएक्स से नष्ट कर दिया जाएगा और अपनी पहचान के प्रमाण के रूप में कराची का एक लोकेशन पिन भी साझा किया है। संदेश से परेशान होकर युवक ने तुरंत शिरुर कसार पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई।
उस युवक के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि जांच आगे बढ़ने पर और स्पष्टता सामने आएगी। संदेश में न केवल धमकी दी गई है बल्कि अन्य लोगों को भर्ती करने का प्रयास भी किया गया है जिससे एक बड़े समन्वित हमले की आशंका उत्पन्न होती है।
पुलिस ने युवक के अकाउंट की पुष्टि कर दी है और उक्त संदेश के मद्देनजर सोशल मीडिया हैंडल के ओरिजिन और उसके पाकिस्तान से संबंधों की जांच कर रही है। इस घटना से ज़िले में दहशत का माहौल है और स्थानीय अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं। यह पहली बार नहीं है जब अयोध्या राम मंदिर को धमकियां मिली हैं।
जनवरी 2024 में मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले कई धमकियां मिली थीं। उसी वर्ष सितंबर में बिहार के भागलपुर के एक युवक को ऑनलाइन धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हाल ही में अप्रैल 2025 में राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल मंदिर ट्रस्ट और उत्तर प्रदेश के कई ज़िला मजिस्ट्रेटों को भेजा गया था। तमिलनाडु से भेजे गये उस ईमेल में मंदिर स्थल के आसपास सुरक्षा कड़ी करने का भी आह्वान किया गया था।
अब, कथित तौर पर पाकिस्तान से एक नया और सीधा संदेश आने के साथ, कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सामने एक बार फिर भारत के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक के लिए संभावित खतरों को बेअसर करने का तत्काल कार्य है।
