
मंडला . मंडला जिले में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है और अब दिन-दहाड़े अपहरण जैसी संगीन वारदातें भी सामने आने लगी हैं। बताया गया कि गुरूवार सुबह करीब 8 बजे ग्राम कटरा में एक छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। जहाँ एक 19 वर्षीय छात्रा को एक कम्प्यूटर सेंटर के बाहर से अगवा कर लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार दो युवक स्किल कम्प्यूटर सेंटर के बाहर आए और छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाकर फरार हो गए।
घटना के समय मौजूद छात्रा की सहेली ने बताया कि युवकों ने छात्रा को फोन कर बाहर बुलाया। कुछ देर बातचीत के बाद उन्होंने छात्रा को जबरदस्ती बाइक पर बैठाया और तेजी से भाग निकले। इस पूरी घटना का वीडियो पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने बना लिया, जिसमें दो व्यक्तियों के बीच एक लड़की बैठी दिख रही है। सहेली ने तत्काल सेंटर संचालक को घटना की जानकारी दी।
पीडि़ता के परिजन तत्काल कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को घटना का वीडियो भी सौंपा। पुलिस को शुरुआती जानकारी मिली है कि लड़की को घंसौर के कहानी गांव के पास देखा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोगों ने युवकों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि वे घंसौर की तरफ रफूचक्कर हो गए।
