नयी दिल्ली, 31 जुलाई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गुरुवार को कहा कि माले गांव बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की अदालत के फैसले से हिंदू आतंकवाद के सिद्धांत की हार और न्याय की जीत हुई है।
श्री सचदेवा ने एनआईए की विशेष अदालत की ओर से साध्वी प्रज्ञा सहित सात आरोपियों को बरी किये जाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संवाददाताओं से कहा, “आज हिंदू आतंकवाद की थ्योरी की हार और न्याय की जीत हुयी है।”
उन्होंने कहा कि झूठे मामले में हिंदुओं को निशाना बनाकर उन्हें फंसाया गया जिसे इस फैसले ने आज साबित कर दिया। उन्होंने झूठा मामला चलाने वाले लोगों के ऊपर मुक़दमा दर्ज करने की मांग की और आतंकियों को बचाने के लिए कांग्रेस ने भगवा आतंकवाद की जो झूठी कहानी रची थी वह षड्यंत्र आज तार-तार हो गया है। श्री राहुल गांधी समेत सभी कांग्रेसी नेताओं को केवल हिंदू समाज से ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण देश से माफ़ी मांगनी चाहिए।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि भगवा आतंक और हिंदू आतंक कहने वाले आज पूरे देश से माफ़ी मांगे, क्योंकि देश ने उस वक्त देखा था कि हिंदुओं के प्रति एक विशेष समुदाय के वोट बैंक के लिए कांग्रेस और उनकी सहयोगी पार्टी के नेताओं ने कैसे कैसे शब्दों का प्रयोग किया था।
उन्होंने कहा कि इस देश में बहुसंख्यक समाज को बदनाम करने की कोशिश की गयी थी लेकिन आज जब वे अदालत के फैसले से बेनकाब हो गये, तो उनके नेता अब इस फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील करने की बात कर रहे हैं।
