इंदौर: आईडीए कनाडिया रोड पर सवा किलोमीटर लंबा फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण करेगा. इसके फिजीब्लिटी सर्वे के लिए तीन विभागों से एनओसी मांगी है. इसके बाद ही ब्रिज की डिजाइन और स्पॉन तय होंगे. उक्त ब्रिज कनाडिया रोड पर डी मार्ट से शुरू होकर थाने के आगे उतरेगा.शहर की यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए आईडीए ने कनाडिया रोड पर सवा किलोमीटर लंबा फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव किया है.
आईडीए ने 165 करोड़ रुपए निर्माण लागत आने का अनुमान लगाया है. यह ब्रिज चार लेन का होगा. कनाडिया रोड पर स्थित डी मार्ट के आगे से शुरू होकर सवा किलोमीटर लंबी दूरी तय करने के बाद थाने के आगे उतरने की योजना प्रस्तावित है. उक्त ब्रिज के बाएं हाथ पर आईडीए की टीपीएस योजना 5 है, जिसका विकास 350 एकड़ से ज्यादा जमीन पर किया जा रहा है. इसी तरह दांए हाथ पर आईडीए की योजना टीपीएस 9 है, जो करीब 650 एकड़ जमीन पर विकसित हो रही है.
कनाडिया ब्रिज की विशेषता
आईडीए द्वारा प्रस्तावित ब्रिज को 106 मीटर लंबी गर्डर से बायपास रोड को क्रॉस करवाया जाएगा. बायपास के मेन कैरेज वे के अलावा 22.5 – 22.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड को मिलाकर 105 मीटर चौड़ाई छोड़कर पियर पर लोहे की हेवी गर्डर डाल कर क्रॉस करेंगे.
तीन विभागों से मांगी एनओसी
आईडीए ने एनएचएआई अलॉयमेंट, मध्यप्रदेश विद्युत मंडल बिजली के तार और नगर निगम से पानी एवं सीवरेज लाइन की जानकारी मांगी है. ब्रिज का फिजीब्लिटी सर्वे उक्त जानकारी के आधार पर करवाया जा सके. अलग तीनों विभागों की जानकारी के आधार पर ही ब्रिज के पियर और डिजाइन बनाई जाएगी.
