बालाघाट:शिक्षा और ज्ञान को सशक्त बनाने की दिशा में बैहर अनुभाग में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बैहर के अनुविभागीय अधिकारी श्री अर्पित गुप्ता द्वारा शासकीय मॉडल स्कूल बिरसा में निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी को विशेष रूप से छात्राओं के लिए “गर्ल्स स्पेशल लाइब्रेरी” के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। निरीक्षण के दौरान मॉडल स्कूल की छात्राओं, विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं द्वारा JEE, NEET, NDA, CUET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं कक्षा की पढ़ाई के लिए नियमित अध्ययन की इच्छा जताई गई। छात्राओं ने सुबह 07 बजे से शाम 07 बजे तक लाइब्रेरी के उपयोग की अनुमति की मांग रखी, जिसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम श्री गुप्ता ने तत्काल निर्णय लेते हुए सुरक्षा की दृष्टि से दो पालियों सुबह 07:00 से 10:00 बजे तक तथा शाम 04:30 से 07:00 बजे तक लाइब्रेरी खुली रखने के निर्देश दिए।
इस व्यवस्था के सफल संचालन के लिए शासकीय मॉडल स्कूल बिरसा के प्राचार्य श्री सौरभ कुमार शर्मा, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय बिरसा श्रीमती लीना स्टीफन, एवं कस्तूरबा छात्रावास वार्डन चंद्रशीला धुर्वे को जिम्मेदारी सौंपी गई है।अनुविभागीय अधिकारी श्री गुप्ता के साथ ही मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री दिनेश वाघमारे ने संवाद करते हुए संस्था को ब्रॉडबैंड इंटरनेट कनेक्टिविटी और स्मार्ट बोर्ड-इंटरैक्टिव पैनल एवं आवश्यक अन्य सुविधायें भी जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिससे छात्राओं को शैक्षिक एवं तकनीकी रूप से भी सशक्त बनाया जा सके।
एसडीएम श्री गुप्ता ने छात्राओं के उत्साह एवं संस्था की 90 प्रतिशत उपस्थिति को देखकर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की और इसे क्षेत्र में शिक्षा के सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बताया। उन्होंने बताया कि यह पहल न केवल शिक्षा के क्षेत्र में एक नया आयाम जोड़ेगी, बल्कि ग्रामीण छात्राओं को भी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन और प्रेरणा प्रदान करेगी।
