जबलपुर: जिले में चल रही समर्थन मूल्य पर उड़द और मूंग की खरीदी में अचानक भोपाल के अधिकारियों ने दस्तक दी। अधिकारियों ने सिहोरा और मझौली के वेयरहाउस में पहुंचकर खरीदी की जानकारी ली। जानकारी के अनुसारकिसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के भोपाल से आये अधिकारियों ने सिहोरा में गोविन्द वेयर हॉउस घुघरी एवं श्री राम वेयर हाउस पहरेवा तथा मझौली में शशि वेयर हाउस दिनारी खमरिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में खरीदी केंद्र प्रभारी एवं सर्वेयर से उपार्जन कार्य संबंधी जानकारी ली गई। निरीक्षण में सर्वेयर के रजिस्टर का अवलोकन किया गया, किसानों से उपार्जित मूंग की बोरियों की तौल कराई गई तथा मानकों के अनुसार ही खरीदी करने के निर्देश दिये गये।
ये अधिकारी रहे शामिल
भोपाल से आये अधिकारियों में उप संचालक कृषि श्रीमती रश्मि वर्गीस एवं सहायक संचालक कृष्ण कुमार चौहान शामिल थे। अनुविभागीय कृषि अधिकारी सिहोरा मनीषा पटेल, अनुविभागीय कृषि अधिकारी जबलपुर प्रतिभा गौर एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जे एस राठौर निरीक्षण के दौरान उनके साथ थे।
