
छतरपुर। जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र से राहत भरी खबर सामने आई है। साइबर ठगी का शिकार हुए एक मजदूर को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर करीब 77 हजार रुपए वापस दिलवाए हैं। बेरखेरी गांव निवासी देवेंद्र अहिरवार से एक अज्ञात व्यक्ति ने 1 करोड़ की लॉटरी का झांसा देकर स्कैनर के जरिए 76 हजार 988 रुपए ठग लिए थे।
देवेंद्र ने ठगी का अहसास होते ही बक्सवाहा थाने में शिकायत की। टीआई सुनीता बिंदुआ के निर्देश पर आरक्षक मोनू साहू ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराई। बैंक और साइबर सेल की मदद से आरोपी के खाते को ट्रेस कर सारी राशि वापस दिलाई गई।
टीआई बिंदुआ के अनुसार, पीड़ित की राशि में से 5 हजार रुपए अभी होल्ड में हैं, जिन्हें जल्द ही वापस करा दिया जाएगा। साथ ही आरोपी की तलाश भी जारी है।
जनता से अपील:
बक्सवाहा थाना पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए स्कैनर, बारकोड, या लॉटरी जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें। ठगी का शिकार होने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई संभव हो सके।
