उर्मिल नदी से अवैध रेत खनन: एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर जब्त

छतरपुर। छतरपुर तहसील क्षेत्र में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सोमवार देर शाम से शुरू हुई यह छापामार कार्रवाई दालौन गांव के पास उर्मिल नदी क्षेत्र में की गई, जहां से बालू से भरे 1 दर्जन से अधिक ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।

प्रशासन को सूचना मिली थी कि दालौन क्षेत्र में उर्मिल नदी से बिना वैध अनुमति के रेत का खनन हो रहा है। इस पर एसडीएम अखिल राठौर और सीएसपी अरुण सोनी के नेतृत्व में प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने शाम करीब 6 बजे कार्रवाई शुरू की, जो रात 11 बजे तक चलती रही।

कार्रवाई के दौरान नदी क्षेत्र में अवैध रूप से खनन कर रेत ले जा रहे ट्रैक्टर चालकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल की सक्रियता के चलते उन्हें रोका गया। मौके से एक दर्जन से अधिक रेत से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, कुछ ट्रैक्टर चालकों ने मौके पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने की कोशिश की, लेकिन जब दस्तावेजों की जांच की गई तो अधिकांश वाहन अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई खनिज नियमों के उल्लंघन और अवैध परिवहन पर सख्ती के तहत की गई है। जब्त किए गए वाहनों को थाने में खड़ा किया गया है और संबंधित चालकों पर खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने की तैयारी चल रही है।

Next Post

लॉटरी का झांसा: मजदूर को 24 घंटे में वापस मिले 77 हजार रुपए

Tue Jul 29 , 2025
छतरपुर। जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र से राहत भरी खबर सामने आई है। साइबर ठगी का शिकार हुए एक मजदूर को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर करीब 77 हजार रुपए वापस दिलवाए हैं। बेरखेरी गांव निवासी देवेंद्र अहिरवार से एक अज्ञात व्यक्ति ने 1 करोड़ की लॉटरी का झांसा […]

You May Like