लंदन, 29 जुलाई (वार्ता) मध्य लंदन में टावर ब्रिज के पास छुरे से किए गए हमले में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए है।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि कंट्रोल रूम को लंदन के साउथवार्क बरो में ब्रिज के पास एक सड़क पर कईं हमलों की सूचना मिली थी।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ”28 जुलाई को दोपहर 12:00 बजे अधिकारियों को सूचना मिली कि लॉन्ग लेन स्थित एक व्यावसायिक इकाई में कई लोगों पर हमला किया गया है। पुलिस और एम्बुलेंस सेवा घटनास्थल पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल चार लोगों का इलाज किया। चिकित्सकों के भरसक प्रयास के बावजूद 58 वर्षीय एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ एक 27 वर्षीय व्यक्ति की भी मौत हो गई।”
पुलिस के अनुसार दो अन्य लोग अभी भी अस्पताल में हैं जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। चीफ इंस्पेक्टर एम्मा बॉन्ड ने कहा कि इस घटना को फिलहाल आतंकवादी हमला नहीं माना जा रहा है। अभी तक किसी भी संदिग्ध का विवरण जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है।
