रियाद, (वार्ता) ईस्पोर्ट्स और गेमिंग कंटेंट की वैश्विक दिग्गज कंपनी एस 8यूएल ईस्पोर्ट्स का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन ने शतरंज लास्ट चांस क्वालिफायर (एलसीक्यू) में शानदार प्रदर्शन करते हुए आधिकारिक तौर पर ईस्पोर्ट्स विश्व कप (ईडब्ल्यूसी) 2025 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
निहाल एलसीक्यू के माध्यम से इस वैश्विक टूर्नामेंट में अपनी जगह पक्की करने वाले केवल चार खिलाड़ियों में से एक और एकमात्र भारतीय है। इसी के साथ ईडब्लयूसी ग्रुप चरण के लिए 16 खिलाड़ियों की सूची तैयार हो गयी है। इसकी शुरुआत 29 जुलाई को सऊदी अरब के रियाद में होगी।
निहाल ने एलसीक्यू के ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन किया, पाँच जीत दर्ज कीं और 5.5 अंकों के साथ ग्रुप बी में शीर्ष चार और प्लेऑफ में जगह बनाई।
नॉकआउट राउंड में, उन्होंने राउंड ऑफ 16 में बेलारूस के डेनिस लाजाविक के खिलाफ शानदार वापसी की और एक हारी बाजी में चेकमेट हासिल करके 1.5 – 0.5 से जीत दर्ज की। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में डच स्टार अनीश गिरी को 1.5 – 0.5 से हराया। निहाल ने दबाव में अपनी विश्वस्तरीय स्पीड शतरंज क्षमता का लाभ उठाते हुए, विजेता ब्रैकेट में रूस के आंद्रे एसिपेंको को 2.5 – 1.5 से हराकर क्वालीफिकेशन पक्का किया।
ईस्पोर्टस विश्वकप के लिये क्वालीफाई करने पर निहाल ने कहा, “ईस्पोर्ट्स विश्व कप 2025 के लिए क्वालीफाई करके मैं बेहद खुश हूँ। प्रतियोगिता कड़ी थी और इस प्रारूप ने मेरे खेल के हर पहलू की परीक्षा ली। मैं एस8यूएल का आभारी हूँ कि उन्होंने मुझ पर विश्वास किया और इस सफर में मेरा साथ दिया। उनके निरंतर समर्थन ने मुझे कठिन परिस्थितियों से उबरने का आत्मविश्वास दिया। अब मैं मुख्य मंच पर देश का नाम रोशन करने के लिए उत्सुक हूँ।”
