मुंबई, 10 जुलाई (वार्ता) सोशल मीडिया सेंसेशन देहाती मैडम ने कहा है कि सन नियो के धारावाहिक ‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ की नायिका वैदेही की कहानी उन्हें अपने जीवन संघर्ष की याद दिलाती है। देहाती मैडम का मानना है कि साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले लोग भी मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। देहाती मैडम ने अपने अनोखे अंदाज में अंग्रेजी सिखाकर सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीता है। उनकी प्रेरणादायक यात्रा इस बात का उदाहरण है कि छोटी शुरुआत भी बड़े सपनों को साकार कर सकती है।
देहाती मैडम ने कहा, “मेरी शुरुआत भी बहुत साधारण थी। जब मैंने ऑनलाइन अंग्रेजी सिखाना शुरू किया, तब किसी ने नहीं सोचा था कि यह इतना बड़ा सफर बन जाएगा। लोगों को लगता था कि मैं भी एक छोटे गांव की सामान्य क्रिएटर हूं, लेकिन मैंने मेहनत करना और अपने सपनों का पीछा करना नहीं छोड़ा। जब मैंने ‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ में वैदेही की कहानी देखी, तो लगा कि यह सिर्फ उसकी नहीं, बल्कि हर उस साधारण लड़की की कहानी है, जिसे दुनिया कम समझती है, लेकिन जो कभी हार नहीं मानती।”
धारावाहिक में वैदेही की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री आरती बिराजदार ने कहा कि देहाती मैडम की कहानी ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने कहा, “वैदेही की तरह देहाती मैडम ने भी साबित किया है कि गांव, परिवार या पृष्ठभूमि किसी के सपनों की राह नहीं रोक सकती। वैदेही की कहानी खुद पर भरोसा रखने और हर चुनौती का सामना करने की है। मुझे विश्वास है कि यह शो लोगों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस देगा।” उल्लेखनीय है कि ‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ एक गांव की लड़की वैदेही की प्रेरणादायक यात्रा को दर्शाता है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष करती है। यह धारावाहिक हर सोमवार से शनिवार शाम 7:30 बजे सन नियो पर प्रसारित होता है।

