हांगकांग 28 जुलाई (वार्ता) श्रीलंका के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर कौशल सिल्वा को हांगकांग पुरुष क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है।
क्रिकेट हांगकांग के अध्यक्ष बुर्जी श्रॉफ ने कहा कि बोर्ड की योजनाओं के अनुरूप यह नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा, “प्रतिभाओं को निखारने और विकसित करने के प्रति कौशल का समर्पण हांगकांग में क्रिकेट के भविष्य के लिए हमारे दृष्टिकोण के अनुरूप है। हमारा मानना है कि उनके मार्गदर्शन में हम न केवल अपनी प्रतिस्पर्धी स्थिति को ऊँचा उठा सकते हैं, बल्कि अपने समुदाय में खेल को बढ़ावा भी दे सकते हैं।”
हांगकांग टीम का कोच बनाये जाने पर सिल्वा ने कहा कि उनका ध्यान वरिष्ठ टीम में एक मजबूत कार्य नीति और विजयी मानसिकता का संचार करने और निरंतर विकास के लिए नई प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें निखारने पर होगा।
कौशल सिल्वा सितंबर में शुरु होने वाले एशिया कप में टीम की कामन संभालेंगे। एशिया कपमें हांगकांग का पहला मुकाबला नौ सितंबर को अफगानिस्तान से होगा।
सिल्वा ने श्रीलंका के लिए 2011 से 2018 के दौरान 39 टेस्ट मैच खेले हैं। 2019 में संन्यास लेने के बाद वह श्रीलंका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में कोचिंग कर चुके हैं। लेकिन यह 39 वर्षीय सिल्वा का किसी अंतरराष्ट्रीय टीम की कमान संभालने का पहला मौका होगा।उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में विकेटकीपर-सलामी बल्लेबाज के रूप में 209 मैचों में 41 शतकों के साथ 13,932 रन बनाए।
