बालाघाट:जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्राणेश कुमार प्राण ने आकाशवाणी के माध्यम से युवाओं को विधि क्षेत्र में करियर के अवसरों व तैयारी के तौर-तरीकों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि विधिक क्षेत्र में शासकीय और निजी दोनों ही क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। श्री प्राण ने नशे, अंधविश्वास व कुप्रथाओं के खिलाफ जनजागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने महिलाओं व बच्चों के प्रति हो रहे अपराधों पर कठोर कानूनों की जानकारी दी और कहा कि आज महिलाएं निर्भय होकर सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। युवाओं को अपराध से दूर रहते हुए पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि रुचिकर बनाकर आगे बढ़ने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में आकाशवाणी परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विधिक सेवा प्राधिकरण व आकाशवाणी के अधिकारी व स्टाफ भी उपस्थित रहे।
