तेलंगाना में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश के आसार

हैदराबाद, 26 जुलाई (वार्ता) अगले 24 घंटों के दौरान तेलंगाना के आदिलाबाद, कोमारामभीम आसिफाबाद जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने शनिवार को जारी बुलेटिन में कहा कि राज्य के मंचेरियल, निर्मल, निजामाबाद, जगतियाल, पेड्डापल्ली, जयशंकर भूपलपल्ली, मुलुगु, कामारेड्डी, राजन्ना सिरिसिला जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, रविवार से अगले 24 घंटों के दौरान तेलंगाना के सभी जिलों में विभिन्न स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और तेज़ हवा (30-40 किमी प्रति घंटे) चलने के आसार हैं।

राज्य में भारी बारिश को देखते हुए सरकार ने आज प्रत्येक जिले के लिए एक करोड़ रुपये के हिसाब से सामग्री की खरीद के लिए 33 करोड़ रुपये की राशि की मंजूरी प्रदान की। सचिव (आपदा प्रबंधन) अरविंद कुमार द्वारा जारी एक सरकारी आदेश के अनुसार यह मंजूरी वर्ष 2025 के मानसून के दौरान भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक प्रक्रिया का विधिवत पालन करती है।

सरकारी आदेश में कहा गया है कि केरल जैसे कुछ राज्यों में पहले से ही वास्तविक बाढ़/भारी बारिश होने से पहले बाढ़ राहत के लिए आवश्यक सामग्रियों की प्रारंभिक खरीद के लिए इस तरह की अग्रिम धनराशि जारी करने की व्यवस्था है।

इस राशि का उपयोग राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के मानदंडों के अनुसार, भारी बारिश और बाढ़ जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक सामग्री और उपकरणों की खरीद के लिए किया जाना चाहिए।

बाढ़ सामग्री के प्रभावी उपयोग के लिए जिला अग्निशमन कार्यालय, राजस्व और पुलिस विभाग के कर्मचारियों के अलावा, आपदा मित्र स्वयंसेवकों की सेवाओं का भी प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाना चाहिए। ऐसी सामग्री की तत्काल आवश्यकता, जो बारिश से होने वाले जान-माल के नुकसान को बचाने में अत्यंत प्रभावी हो, पुलिस विभाग से भी सुनिश्चित की जा सकती है।

आदेश में कहा गया है कि इस राशि का उपयोग भवन की मरम्मत के लिए नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे उदेश्यों के लिए संबंधित विभागों से प्राप्त विभागीय निधि का उपयोग किया जाना चाहिए।

सरकारी आदेश में कहा गया है कि खरीदी गयी सामग्री और उपकरण बारिश के बाद संबंधित अग्निशमन कार्यालयों की सुरक्षित अभिरक्षा में रखे जाने चाहिए।

राज्य में हालांकि बारिश की तीव्रता कम हो गयी है और अब रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है। शनिवार अपराह्न तकसबसे अधिक 15 मिमी बारिश राजेंद्रनगर मंडल के मैलारदेवपल्ली में दर्ज की गयी।

इस बीच हिमायतसागर में भारी जलप्रवाह हो रहा है और आज सुबह 10 बजे तक ऊपरी इलाकों से जलाशय में 1,100 क्यूसेक पानी आ चुका था। इस जलाशय का जलस्तर 1,761 फीट था।

उस्मानसागर में सुबह 10 बजे 150 क्यूसेक जलप्रवाह दर्ज किया गया। वहीं, हुसैन सागर में सुबह सात बजे न्यूनतम जलस्तर 513 मीटर दर्ज किया गया।

 

 

Next Post

चत्तरगला सुरंग से पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा : जितेंद्र

Sat Jul 26 , 2025
जम्मू 26 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि चत्तरगला सुरंग लखनपुर को बनी के रास्ते डोडा से जोड़ेगी और दोनों दूरस्थ क्षेत्रों के बीच हर मौसम में वैकल्पिक सड़क संपर्क प्रदान करेगी जिससे पर्यटन और रोज़गार को भी बढ़ावा मिलेगा। डॉ. सिंह ने चत्तरगला […]

You May Like