बाबा के जयघोष और पूजा अर्चना के साथ रवाना हुई नंदी रथ कांबड यात्रा

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में पहली बार निकाली जा रही नंदी रथ कांबड यात्रा के लिए सैकड़ों युवा श्रद्धालुओं का जत्था आज रात्रि हरिद्वार के लिए रवाना हुआ। भोलेनाथ बाबा की भक्ति में डूबे ये युवा देवभूमि हरिद्वार में हर की पौड़ी से 501 लीटर गंगाजल लाकर ग्वालियर के प्राचीन शिव मंदिरों पर चढ़ाएंगे। यह नंदी रथ कांबड यात्रा 4 अगस्त को दोपहर 3 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। इस अवसर पर नगर में नंदी रथ कांबड यात्रा की भव्य शोभा यात्रा निकालने की तैयारियां की गई हैं।

बाबा अचलनाथ के परम भक्त एवं श्री अचलेश्वर मंदिर न्यास के सदस्य महेन्द्र भदकारिया, अनिल पुनियानी एवं लोकेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्वालियर से आज कांवड़ यात्रा पर गए युवा श्रद्धालु हरिद्वार से नंदी रथ को पैदल खींचते हुए ग्वालियर तक लाएंगे। एक भव्य आकर्षक नंदी रथ बनाया गया है। यह नंदी रथ भी हरिद्वार के लिए रवाना हुआ।

यह नंदी रथ कांबड यात्रा मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग़ करने वाले वीर जवानों, देश में कानून व्यवस्था की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले पुलिस सेवा के जांबाज योद्धाओं की आत्मा की शांति, ग्वालियर और मप्र सहित समग्र देश में सुख, समृद्धि, अमन चैन, खुशहाली, कर्तव्य पथ से भटके हुए लोगों को सदबुद्धि देने एवं ग्वालियर व्यापार मेला की उत्तरोत्तर उन्नति एवं इस वर्ष के मेला आयोजन में आने वाली व्याधियों को दूर करने की कामना के साथ आयोजित की जा रही है। उन्होंने ग्वालियर में निकाले जाने वाले नंदी रथ कांवड़ यात्रा चल समारोह की जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धा, भक्ति एवं आस्था से सराबोर यह नंदी रथ कान्बड़ शोभा यात्रा 4 अगस्त को दोपहर 3 बजे पड़ाव चौराहे से बाबा अचलनाथ के जयघोष के साथ प्रारंभ होगी एवं यहां से फूलबाग चौराहा, नदी गेट, इंदरगंज चौराहा होते हुए श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर पहुंचेगी जहां हरिद्वार से लाई गई कांवड़ों के गंगाजल से बाबा अचलनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इस जलाभिषेक में सम्मिलित होकर पुण्यार्जन करने के लिए सभी शहरवासियों को सादर आमंत्रित किया गया है। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर कांवड़ों को चढ़ाने के उपरांत यहां से नगर के एक और प्राचीन शिव मंदिर श्री गुप्तेश्वर महादेव के लिए रवाना होगी। श्री गुप्तेश्वर महादेव जाने वाली नंदी रथ कांबड यात्रा का रूट सनातन धर्म मंदिर रोड, इंदरगंज चौराहा, पाटनकर बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, जनकगंज, हनुमान चौराहा, लक्ष्मीगंज, गोल पहाड़िया, गिरवाई थाना, तिघरा रोड होकर रहेगा। यहां श्रद्धालु श्री गुप्तेश्वर महादेव को कांबडे चढ़ाएंगे। हरिद्वार से कांवड़ों में भरकर लाए गए 151 लीटर गंगाजल से शिवाभिषेक किया जाएगा।

आज रात्रि श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर बाबा अचलनाथ के भक्तों, नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवियों, व्यापारियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं एवं ट्रस्ट सदस्यों ने विधिवत पूजा अर्चना कर श्री नंदी रथ कांबड यात्रा को धर्मध्वजा दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्री अचलेश्वर मंदिर न्यास के सदस्य महेन्द्र भदकारिया, अनिल पुनियानी, लोकेश शर्मा, राजीव चड्ढा, आशुतोष माहेश्वरी, आशीष प्रताप सिंह राठौड़, मंदिर के पुजारी गगन गौरव आदि प्रमुखजन उपस्थित थे। इस अवसर पर अचल भदकारिया ने कहा कि वे तो नंदी रथ कांबड यात्रा के निमित्त मात्र हैं। करने वाले अचलनाथ हैं और कराने वाले भी अचलनाथ हैं।

Next Post

आईडीबीआई बैंक के कर्मचारियों का जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन

Sat Jul 26 , 2025
नयी दिल्ली ,26 जुलाई (वार्ता) सरकार और एलआईसी द्वारा आईडीबीआई से अपनी हिस्सेदारी बेचे जाने के विरोध में आईडीबीआई के 250 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शनिवार को जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन यूनाइटेड फोरम ऑफ आईडीबीआई ऑफिसर्स एंड एम्पलॉई के तत्वाधान में आयोजित किया गया। कर्मचारियों […]

You May Like

Play sound