नयी दिल्ली 26 जुलाई (वार्ता) भारत ने कहा है कि वह कंबोडिया और थाईलैंड के बीच सीमा पर उत्पन्न स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और उम्मीद है कि दोनों देश तनाव कम करने के लिए जरूरी कदम उठायेंगे।
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने थाइलैंड और कंबोडिया के बीच घटनाक्रम पर मीडिया के सवालों के जवाब में शनिवार को कहा कि भारत के दोनों देशों के साथ घनिष्ठ संबंध हैं और दोनों देशों में भारतीय नागरिक किसी भी सहायता के लिए वहां स्थित संबंधित दूतावासों से संपर्क कर सकते हैं।
प्रवक्ता ने कहा,“ हम कंबोडिया और थाईलैंड के बीच सीमा पर स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहे हैं। भारत के दोनों देशों के साथ घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और हमें उम्मीद है कि दोनों पक्ष शत्रुता समाप्त करने और आगे तनाव बढ़ने से रोकने के लिए कदम उठाएंगे।”
उन्होंने कहा कि दोनों देशों में भारतीय यात्री किसी भी सहायता के लिए दोनों देशों में स्थित हमारे संबंधित दूतावासों से संपर्क कर सकते हैं।
भारतीय नागरिक बैंकॉक, थाईलैंड में हेल्पलाइन नम्बर +66 61 881 9218 (व्हाट्सएप कॉल के लिए भी) पर और नोम पेन्ह, कंबोडिया में भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नम्बर +855 92 881 676 (व्हाट्सएप कॉल के लिए भी) पर संपर्क कर सकते हैं।
