ईरान में आतंकवादी हमले में आठ लोगों की मौत, 13 घायल

तेहरान, 26 जुलाई (वार्ता) ईरान में सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी दक्षिण-पूर्वी शहर ज़ाहेदान में न्याय विभाग की इमारत पर शनिवार को हुए आतंकवादी हमले में कम से कम आठ लोग मारे गए और अन्य 13 घायल हो गये। हमले में मारे गए लोगों में पांच नागरिक और तीन हमलावर भी शामिल हैं।
अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि हमले की ज़िम्मेदारी पाकिस्तान समर्थित सुन्नी आतंकवादी संगठन जैश अल-जुल्म ने ली है। ईरान ने इसे एक आतंकवादी समूह घोषित किया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि न्याय विभाग के परिसर में घुसते ही आतंकवादियों ने वहाँ मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे हताहतों की संख्या और बढ़ने की आशंका जतायी गयी है।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अपने आधिकारिक समाचार आउटलेट सेपा न्यूज़ पर प्रकाशित एक बयान में कहा कि उसके जवानों ने तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया है।
आईआरजीसी ने बताया कि हमले में घायल हुए कुछ लोगों की हालत गंभीर है। सुरक्षा बल ने स्थिति को नियंत्रण कर लिया है।
ज़ाहेदान यूनिवर्सिटी ऑफ़ मेडिकल साइंसेज के प्रमुख मोहम्मद-हसन मोहम्मदी ने एक बयान में कहा कि सभी घायलों को पास के अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रांतीय अधिकारियों ने लोगों से न्याय विभाग और आसपास के इलाकों से दूर रहने का आह्वान किया है।
सुन्नी आतंकवादी संगठन जैश अल-ज़ुल्म ने हाल के वर्षों में ईरानी सुरक्षा बलों और नागरिकों पर कई घातक हमले किये हैं।

Next Post

कंबोडिया ने थाईलैंड के साथ जुड़े संघर्ष क्षेत्रों में उड़ानों पर लगाये प्रतिबंध

Sat Jul 26 , 2025
नोम पेन्ह 26 जुलाई (वार्ता) कंबोडिया के नागरिक उड्डयन राज्य सचिवालय (एसएससीए) ने उन क्षेत्रों में सभी उड़ानों को प्रतिबंधित कर दिया है, जहां कंबोडिया और थाईलैंड के बीच संघर्ष चल रहा है। एसएससीए के राज्य सचिव सिन चांसरे वुथा ने एक ऑडियो संदेश में कहा कि सभी हवाई कंपनियों […]

You May Like