सरकार के कामों और उपलब्धियों को पहुंचाये : भजनलाल

जयपुर, 07 दिसम्बर (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि सभी को मिलकर निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारी करनी है, इसलिए दो वर्षों में भाजपा सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं उन्हें जनता तक पहुंचाएं।

श्री शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक, प्रधान, मेयर, चैयरमेन, डेयरी चैयरमेन, कॉपरेटिव सोसायटी अध्यक्ष और विधायक प्रत्याशियों के साथ आगामी निकाय एवं पंचायतीराज चुनाव की तैयारी तथा संगठनात्मक जिम्मेदारी को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को काम और सम्मान के साथ जिम्मेदारी दी जाएगी। सभी वर्गों को संगठन और चुनावी प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व मिले इसके लिए पार्टी प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को निभाएं और पार्टी को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि इस बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ संगठन को जरूर मिलेगा। साथ ही उन्होंने आने वाले समय में विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों में सभी की सक्रिय सहभागित आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि 15 दिसम्बर को राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण हो रहे हैं इस अवसर पर भी विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रम एवं समारोह आयोजित होंगे। इसमें भी सभी की सक्रिय सहभागिता अपेक्षित है। राज्य सरकार की योजनाओं, नीतियों और कार्यों का प्रचार-प्रसार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने पांच साल के कार्यकाल में जितने काम नहीं किए उससे अधिक हमने दो साल के कार्यकाल में किए हैं। जब भी इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से जवाब मांगा जाता है, तो पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कोई जवाब नहीं देते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय पेपरलीक हुए, युवाओं का भविष्य खराब हुआ। चुनाव जीतने के लिए इन्होंने झूठे वादे तक किए। प्रदेश में कांग्रेस ने मनमर्जी और तुष्टीकरण के आधार पर वार्ड, पंचायतों और जिलों का गठन किया था, लेकिन हमारी सरकार ने तथ्यों के आधार पर इनका पुनर्गठन किया।

श्री शर्मा ने कहा , “हमारी सरकार ने प्रदेश में आते ही पानी के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौते की सौगात दी, साथ ही, प्रदेश में विभिन्न नहरी तंत्रों को मजबूत बनाने के लिए उचित बजट दिया है। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के लिए हमारी सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण करार किए हैं। प्रदेश में खनन क्षेत्र को मजबूत बनाया जा रहा है जिससे युवाओं को अधिक रोजगार मिलेगा। अब पिछली कांग्रेस सरकार की तरह पेपरलीक नहीं होते, बल्कि हमारी सरकार ने रिकॉर्ड समय में 92 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं। राइजिंग राजस्थान का आयोजन कर प्रदेश में नव औद्योगिक विकास को गति और धार दी गई है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राजस्थान का देश और विदेश में सम्मान बढ़ाने वाले प्रवासी राजस्थानियों के लिए प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन कर रही है। इस आयोजन के माध्यम से प्रवासी भाई-बहन प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से शेखावाटी की हवेलियों को संरक्षित और सुरक्षित बनाने के लिए भी समय पर उचित निर्णय लिए हैं, जिसका फायदा पर्यटन क्षेत्र को होगा। प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद राष्ट्रवादी लोगों ने जनसंघ की स्थापना की और देश के सामने आ रही चुनौतियों का डटकर सामना किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय ने देश के लिए प्राण न्यौछावर किए और अपने जीवनकाल में संगठन और कार्यकर्ताओं को हमेशा राष्ट्र प्रथम की भावना के लिए तैयार किया।

 

Next Post

मेघना गुलज़ार ने करीना-पृथ्वीराज अभिनीत फिल्म 'दायरा' की अंतिम शूटिंग शुरू की

Mon Dec 8 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) ‘तलवार’, ‘राजी’ और ‘सैम बहादुर’ जैसी प्रशंसित फिल्में बनाने के बाद, निर्देशक मेघना गुलजार अब अपनी अगली फिल्म ‘दायरा’ लेकर आ रही हैं, जिसमें करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिका में हैं। एक अपडेट साझा करते हुए, मेघना ने कहा कि फिल्म की अंतिम शूटिंग […]

You May Like

मनोरंजन