ढाका/नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली के दो शीर्ष अस्पतालों के दो बर्न इंजरी विशेषज्ञों सहित भारतीय चिकित्सों का दल 21 जुलाई को ढाका के माइलस्टोन स्कूल एवं कॉलेज में हुए विमान हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल मरीजों के इलाज के लिए चिकित्सा सहायता प्रदान कर रहा है।
भारतीय टीम ने शुक्रवार को ढाका स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी के डॉक्टरों के साथ दूसरे दौर का परामर्श किया, कुछ मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन किया।
ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने बताया कि टीम ने संस्थान के डॉक्टरों के साथ प्रबंधन प्रोटोकॉल पर चर्चा की और उपचार पद्धति के लिए महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
गौरतलब है कि 21 जुलाई को नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान बंगलादेश वायु सेना (बीएएफ) का एफटी-7बीजीआई लड़ाकू विमान तकनीकी खराबी के कारण ढाका के उत्तरा इलाके में माइलस्टोन स्कूल एवं कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसके कारण 34 लोगों की मौत हो गयी थी। मृतकों में ज्यादातर छात्र और पायलट थे। इस हादसे में 173 लोग घायल हुए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इस दुखद हवाई दुर्घटना में हुयीं मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता और सहयोग देने की पेशकश की थी।
भारत ने सफदरजंग अस्पताल और राम मनोहर लोहिया अस्पताल से एक-एक बर्न इंजरी विशेषज्ञ और एक नर्सिंग अटेंडेंट सहित एक मेडिकल टीम ढाका भेजी है।
