नयी दिल्ली, 24 जुलाई (वार्ता) क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर ने भारतीय महिला टीम की इंग्लैंड में टी20 और वनडे में सीरीज जीत की सराहना की है।
सचिन ने कहा, ”इंग्लैंड में जीतना हमेशा एक चुनौती होती है, और टी20 तथा वनडे दोनों में ऐसा करना टीम की तैयारी और मानसिकता को दर्शाता है।” भारत ने टी20 सीरीज 3-2 से और वनडे सीरीज 2-1 से जीतकर इतिहास बनाया।
पहले टी20 मैच में स्मृति के शतक ने दौरे की शुरुआत में ही लय बना दी थी। आखिरी वनडे में हरमनप्रीत के शतक ने उस लय को और मजबूत किया। क्रांति गौड़ ने दबाव की स्थिति में छह विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की।
अन्य खिलाड़ियों ने भी अपनी भूमिका निभाई और दोनों सीरीज में अहम मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया।
सचिन ने कहा, ”ये प्रदर्शन टीम को आगे बढ़ने के लिए काफी आत्मविश्वास देंगे। दो विश्व कप सामने होने के कारण, यह टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए बेहद ज़रूरी होगा। शाबाश टीम इंडिया।”
