
इंदौर. खजराना थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक सुरेश बुनकर का सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो आखिरकार उनके निलंबन की वजह बन गया. वीडियो में पुलिस वर्दीधारी एसआई का आचरण न सिर्फ विभागीय अनुशासन के खिलाफ था, बल्कि उसने कानून व्यवस्था को भी कठघरे में खड़ा कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
एडिशनल डीसीपी जोन-2 अमरेन्द्र सिंह ने इस मामले पर कहा, “एसआई सुरेश बुनकर द्वारा किए गए कदाचार और अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. वीडियो में जो कुछ भी सामने आया है, वह विभागीय नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है, इसलिए उन्हें निलंबित कर दिया है. साथ ही जो अन्य लोग कानून हाथ में लेकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं, उनकी पहचान की जा रही है, ऐसे सभी व्यक्तियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आगे कहा कि “वर्दी की मर्यादा और आमजन का भरोसा बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों से अनुशासन की अपेक्षा की जाती है, ऐसे मामलों में पुलिस की छवि धूमिल होती है, इसलिए जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है.” सूत्रों का कहना है कि वीडियो में मारपीट की जो घटनाएं सामने आई हैं, उनमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की जा रही है, जल्द ही इन पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी.
