अमेरिका ने जापान पर 15 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया

टोक्यो, 23 जुलाई (वार्ता) अमेरिका ने जापान पर 15 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की घोषणा की है। जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने इसका स्वागत किया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले कहा था कि जापान पर 25 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया जायेगा। मंगलवार को हुये समझौते में हालांकि 15 प्रतिशत पर सहमति बनी। बदले में जापान अमेरिका में भारी निवेश के लिए राजी हुआ है।

प्रधानमंत्री इशिबा ने बुधवार को इस समझौते का स्वागत करते हुए कहा,”जापान के लिए परस्पर अनुवर्ती टैरिफ की दर, जो 25 प्रतिशत बढ़ाने की बात थी, 15 प्रतिशत रखी गयी है। यह अमेरिका के साथ व्यापार लाभ वाले देशों के लिए अब तक लगायी गयी सबसे कम दर है।”उन्होंने बताया कि अमेरिका द्वारा जापानी वाहनों पर भी आयात शुल्क की दर मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत की जायेगी। जापान हालांकि किसी भी अमेरिकी उत्पाद के लिए आयात शुल्क में कटौती नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति से बार-बार आयात शुल्क की बजाय निवेश को प्राथमिकता देने की अपील की है और यह समझौता उसी का नतीजा है।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के स्पीकर माइक जॉनसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस समझौते को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि जब इस समझौते पर बात हो रही थी उस समय वह राष्ट्रपति के ओवल कार्यालय में मौजूद थे। जापान के साथ इस समझौते से अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश आयेगा। हजारों युवाओं को नौकरी मिलेगी और दोनों देशों के बीच व्यापार में काफी वृद्धि होगी।

इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था,“मेरे निर्देश पर जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश करेगा जिस पर होने वाले लाभ का 90 प्रतिशत अमेरिका को मिलेगा। साथ ही,जापान कारों, चावल और कुछ अन्य कृषि उत्पादों के लिए अपने बाजार खोलेगा।”

 

 

Next Post

ई-अटेंडेंस: शिक्षकों व अतिथि विद्वानों ने विरोध किया तो होगी कार्रवाई, संगठन मौन

Wed Jul 23 , 2025
रायसेन:अब यदि शिक्षकों अतिथि शिक्षकों ने ई अटेंडेंस का किया विरोध तो उन पर शासन वैधानिक कार्रवाई करेगी।यह आदेश हाल ही में जारी किया गया है। इस आदेश के बाद अब किसी प्रकार का विरोध नहीं दिखाई दे रहा है।, जबकि ई-अटेंडेंस का आदेश आते ही विभिन्न शिक्षक संघों ने […]

You May Like