कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में की आर्थिक नाकेबंदी, सभी 33 जिलों में चक्का जाम

रायपुर 22 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को राज्यव्यापी ‘आर्थिक नाकेबंदी’ करते हुए सभी 33 जिलों में चक्का जाम कर दिया।

सरगुजा, बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभागों में सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। सरगुजा में कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक विरोध के तहत ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाया।

रायपुर में वीआईपी रोड, श्रीराम मंदिर चौक (करंसी टॉवर), धरसींवा और धनेली समेत कई प्रमुख मार्गों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जाम लगाया। राष्ट्रीय राजमार्ग को भी अवरुद्ध किया गया। धमतरी में एनएच-30 पर सेहरादबरी सिग्नल पर प्रदर्शन हुआ जिसमें जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता शामिल हुए। इससे रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया और ‘ईडी भगाओ, सीबीआई भगाओ, अडानी भगाओ, प्रदेश बचाओ’ जैसे नारे गूंजते रहे।

बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सकरी-पेंड्रिदीह फ्लाईओवर पर रास्ता रोका, जिससे रायपुर-बिलासपुर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। हालांकि स्कूली बसों और एंबुलेंस को छूट दी गई। बस्तर के जगदलपुर में अमागुड़ा चौक पर चक्का जाम के चलते रायपुर-ओडिशा को जोड़ने वाला एनएच-30 ठप हो गया।

रायगढ़ में कोटरा रोड ओवरब्रिज पर पूर्व विधायक और महापोर सहित कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। मालवाहक ट्रक और डंपर को भी रोका गया।

खरौरा के आजाद चौक पर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओ ने रायपुर-बालोदाबाजार मार्ग जाम किया। इस मौके पर पूर्व सांसद छाया वर्मा, जिला अध्यक्ष उदयराम वर्मा, सरपंच संघ अध्यक्ष अभिषेक वर्मा, बाबलू भाटिया, जुबैर अली, अंकित वर्मा, दिनेश वर्मा, प्रदीप मढ़रिया और जितेंद्र चंद्राकर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकारें अडानी जैसे उद्योगपतियों को राज्यों को बेच रही हैं। उन्होंने कहा,“यह लड़ाई जल, जंगल और जमीन की है। तमनार, रायगढ़ में अवैध रूप से जंगल काटे जा रहे हैं और कोई रोकने वाला नही है”।

मनेंद्रगढ़ में बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एनएच-43 (कटनी-गुमला मार्ग) पर चक्का जाम किया। पुलिस बल तैनात है और यातायात को मुख्य बस स्टैंड से डायवर्ट किया गया है। कांग्रेस ने कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा। आपातकालीन सेवाओं को सशर्त छूट दी गई है।

इससे पहले आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “ईडी भाजपा का संगठन बन गई है। उनका स्ट्राइक रेट एक प्रतिशत भी नहीं है। यह राजनीतिक प्रतिशोध है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी समूह छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों की लूट में लगा है, और सरकार मूक दर्शक बनी हुई है।

उपराष्ट्रपति के इस्तीफे पर टिप्पणी करते हुए बघेल ने कहा, “आंधी की चेतावनी तो दी गई है, लेकिन लगता है संसद के भीतर भी कोई तूफान आने वाला है। यह कोई सामान्य इस्तीफा नहीं है।”

चक्का जाम के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे “सफल प्रदर्शन” बताया है और केंद्र की एजेंसियों के दुरुपयोग तथा राज्य की संपत्तियों की लूट के खिलाफ विरोध जारी रखने का संकल्प लिया है। प्रदेश में कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी हुई थी।

 

 

Next Post

मौसम विभाग ने जम्मू में 22 से 25 जुलाई के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की

Tue Jul 22 , 2025
जम्मू, 22 जुलाई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर मौसम विभाग ने 22 से 25 जुलाई के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है, जिसमें जम्मू संभाग में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने आज बताया कि 22 और 23 जुलाई को जम्मू संभाग […]

You May Like