
इंदौर. एमआईजी थाना क्षेत्र के शिवशक्ति नगर में बाथरूम निर्माण को लेकर उपजा पारिवारिक विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया. विवाद इस कदर बढ़ा कि भाभी ने अपने बेटे और अन्य परिजनों के साथ मिलकर देवर, देवरानी और सास पर हमला कर दिया. आरोपियों ने मारपीट के साथ घर में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी भी दी.
51 वर्षीय फरियादी सुरेश वर्मा निवासी शिवशक्ति नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी वृद्ध मां के लिए घर में शौचालय बनवा रहे थे. इसी बात को लेकर शाम करीब साढ़े सात बजे उनकी भाभी अंजू वर्मा, उनका बेटा वैभव, परिजन सोनम वर्मा और दिव्या पटेल विवाद करने लगे. सुरेश ने बताया कि आरोपियों ने पहले उन्हें और उनकी पत्नी को गालियां दीं, फिर उनकी मां के हाथ मरोड़ दिए और धक्का देकर नीचे गिरा दिया. इसके बाद मां को धमकी दी कि “अगर यहां शौचालय बनाया तो जान से मार देंगे.” आरोपियों ने निर्माणाधीन बाथरूम को तोड़ दिया. विवाद बढ़ने पर सुरेश और उनकी पत्नी ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने ईंट उठाकर हमला करने की कोशिश की. डरकर वे पास की गली में भागे, तब भी आरोपी पीछा करते हुए उनके घर के अंदर घुस आए और लात-घूंसे से मारपीट कर घायल कर दिया. मामले में एमआईजी पुलिस ने अंजू वर्मा, वैभव वर्मा, सोनम वर्मा और दिव्या पटेल के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और घर में घुसकर हमला करने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है, थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है.
