इंदौर: यूपीएससी द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 24 मई को इंदौर केंद्र क्रमांक-78 के 27 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. परीक्षा दो सत्रों में होगी. प्रथम सत्र सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक आयोजित किया जाएगा.परीक्षा में कुल 12,104 परीक्षार्थी शामिल होंगे. आयुक्त, इंदौर संभाग को परीक्षा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि श्रीमती शैली कनाश, संयुक्त आयुक्त (लिटिगेशन) को प्रभारी परीक्षा अधिकारी बनाया गया है.
परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले प्रारंभ होगा. प्रथम सत्र के लिए प्रवेश सुबह 9 बजे और द्वितीय सत्र के लिए दोपहर 2 बजे बंद कर दिया जाएगा. प्रवेश केवल आयोग द्वारा जारी ई-प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र के आधार पर मिलेगा. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, हैंड बैग सहित सभी संचार उपकरण परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित रहेंगे. परीक्षार्थियों को केवल ई-प्रवेश पत्र, पहचान पत्र, पेन-पेंसिल एवं निर्धारित दस्तावेज साथ लाने की अनुमति होगी. परीक्षार्थियों की फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया आयोग के ऐप के माध्यम से की जाएगी. परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए संभागायुक्त कार्यालय, इंदौर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है.
