
इंदौर. करीब डेढ़ घंटे में बादलों ने शहर को भिगो दिया. इसके पहले पिछले सोमवार को बादल बरसे थे, लेकिन हल्के फुल्की बारिश हुई थी. सोमवार को डेढ़ घंटे में करीब पौन इंच बारिश दर्ज की गई. इस तरह अभी तक शहर में 7.25 इंच बारिश हुई है, जो पिछले साल के मुकाबले में आधी बारिश भी नहीं है.
इंदौर में पिछले महीने के 18 तारीख को मानसून घोषित किया गया था. आज एक माह बीतने के बाद भी शहर में सामान्य बारिश का आंकड़ा पार नहीं हुआ है. समय तौर पर जुलाई माह में बारिश का आंकड़ा 15 से 20 इंच के बीच रहता है. इस बार ऐसा नहीं हुआ है. दक्षिण में सिस्टम बनने के बाद भी पश्चिमी मध्य प्रदेश में सूखे जैसे हालात बन रहे है. वही पूर्वी मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है. अभी तक बारिश के मौसम में पूर्वी मध्य प्रदेश में 75 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान बताया जा रहा है. वही पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से 60 प्रतिशत बारिश कम होना बताया गया है. खैर, आज सुबह गर्मी और उमस के कारण हाल बेहाल हो रहे थे, लेकिन दोपहर में मौसम ने करवट ली और तेज बारिश का दौर शुरू हुआ और रुक रुक कर तेज बारिश होती रही. दोपहर तीन बजे से लेकर 4.30 बजे डेढ़ घंटे बारिश हुई. डेढ़ घंटे में करीब पौन इंच पानी गिरा है. इस तरह अभी तक कुल 7.25 इंच पानी गिर चुका है, जो सामान्य से करीब 10 इंच बारिश कम होना बताया गया है. शहर के सभी तालाब और बावड़ी का जल स्तर अभी भी बहुत नीचे है.
