मध्य प्रदेश में निवेश के प्रयास

हाल ही में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दुबई और स्पेन की सफल विदेश यात्रा ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति को एक नई दिशा दी है. यह यात्रा केवल कुछ समझौतों और निवेश प्रस्तावों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने वैश्विक मंच पर मध्य प्रदेश की बढ़ती साख और उसकी नई औद्योगिक नीति की प्रभावशीलता को भी स्थापित किया है .

यह कोई संयोग नहीं कि मुख्यमंत्री की एक सात दिवसीय यात्रा से 11,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव और 14,000 से ज्यादा रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है. यह स्पष्ट संकेत है कि मध्य प्रदेश अब ‘बीमारू राज्य’ की पुरानी छवि से बाहर निकलकर एक निवेश-अनुकूल और प्रगतिशील प्रदेश के रूप में अपनी पहचान बना रहा है. दुबई में लॉजिस्टिक्स, बुनियादी ढांचे, जैव ईंधन और सीनियर केयर जैसे विविध क्षेत्रों में मिले प्रस्ताव, वहीं स्पेन में फिल्म निर्माण, पर्यटन और तकनीकी सहयोग के अवसरों पर हुई चर्चाएं, इस बात की पुष्टि करती हैं कि प्रदेश हर क्षेत्र में विकास के लिए तैयार है.

इस सफलता के पीछे सबसे बड़ा हाथ मध्य प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति का है. इस नीति ने निवेशकों के लिए एक सहज, पारदर्शी और आकर्षक माहौल तैयार किया है. लालफीताशाही में कमी, त्वरित अनुमतियां, और निवेश-अनुकूल नीतियां छोटे से लेकर बड़े निवेशकों तक को आकर्षित कर रही हैं. मुख्यमंत्री ने स्वयं निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं, उनकी चिंताओं को सुना और मध्य प्रदेश में निवेश के लाभों को व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत किया. मध्य प्रदेश की आर्थिक तरक्की के लिए भविष्य की रणनीति में कृषि आधारित उद्योगों, पर्यटन और गैर-परंपरागत ऊर्जा स्रोतों (ग्रीन एनर्जी) पर आधारित उद्योगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

प्रदेश की विशाल कृषि भूमि और विविध फसल उत्पादन कृषि-आधारित उद्योगों, विशेष रूप से फूड क्लस्टर और फूड प्रोसेसिंग इकाइयों के लिए एक आदर्श वातावरण प्रदान करता है. दालें, सोयाबीन, गेहूं और फलों के उत्पादन में अग्रणी होने के नाते, फूड प्रोसेसिंग उद्योग मध्य प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.

इसी तरह, प्रदेश के समृद्ध सांस्कृतिक विरासत स्थल, वन्यजीव अभयारण्य और धार्मिक स्थल पर्यटन उद्योग के लिए अपार संभावनाएं प्रस्तुत करते हैं. स्पेन में फिल्म आयोग के साथ हुए समझौते और संयुक्त पर्यटन अभियानों का प्रस्ताव इस दिशा में एक अच्छा कदम है. पर्यटन को बढ़ावा देने से स्थानीय रोजगार सृजित होंगे और हस्तशिल्प व स्थानीय उत्पादों को भी बाजार मिलेगा.

इसके अतिरिक्त, सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा जैसे गैर-परंपरागत ऊर्जा स्रोतों पर आधारित उद्योगों को प्राथमिकता देना समय की मांग है. यह समझना आवश्यक है कि आर्थिक तरक्की केवल आंकड़ों का खेल नहीं है. इन निवेशों से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर भविष्य बनाने का मौका मिलेगा.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में, मध्य प्रदेश तेजी से आर्थिक तरक्की कर रहा है. उनकी विदेश यात्राएं न केवल आर्थिक संबंधों को मजबूत कर रही हैं, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए आयाम भी खोल रही हैं. यह स्पष्ट है कि मध्य प्रदेश अब केवल कृषि प्रधान राज्य नहीं रहा, बल्कि यह औद्योगिक विकास और नवाचार का एक नया केंद्र बनकर उभर रहा है. यह प्रदेश की आर्थिक तरक्की का एक स्वर्णिम अध्याय है.

 

Next Post

बारिश के कारण एयर इंडिया का विमान रनवे से उतरा

Tue Jul 22 , 2025
मुंबई 21 जुलाई (वार्ता) कोच्चि से आ रहा एयर इंडिया का विमान एआई 2744 सोमवार को यहां भारी बारिश के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे से उतर गया, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बताये गये हैं। एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार लैंडिंग के दौरान भारी बारिश […]

You May Like