नयी दिल्ली, 21 जुलाई (वार्ता) एमेजॉन इंडिया ने सोमवार को अपने प्रमुख मशीन लर्निंग (एमएल) समर स्कूल (एमएलएसएस) का पाँचवाँ संस्करण शुरू करने की घोषणा की।
कंपनी ने बताया कि यह कार्यक्रम उन इंजीनियरिंग छात्रों के लिए है जो 2026 या 2027 में ग्रेजुएट होने वाले हैं और देश के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बी-टेक, एम-टेक या पीएचडी कर रहे हैं। पात्र छात्रों को एक परीक्षा देनी होगी, और उसमें शीर्ष 3000 में आने वाले छात्रों को एमएल समर स्कूल में शामिल होने का मौका मिलेगा। परीक्षा के लिए पंजीकरण 21 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक कराये जा सकेंगे और कार्यक्रम अगस्त 2025 से शुरू होगा।
यह कार्यक्रम चार सप्ताहांतों में ऑनलाइन आयोजित किया जाएगा और यह पूरी तरह से मुफ्त होगा। इसमें मशीन लर्निंग के मुख्य विषयों पर आठ एक्सपर्ट-लेड मॉड्यूल होंगे, जैसे कि सुपरवाइज़्ड और अनसुपरवाइज़्ड लर्निंग, डीप लर्निंग, जनरेटिव एआई, एलएलएम आदि। हर सत्र के बाद एमेजॉन के वैज्ञानिकों के साथ लाइव सवाल-जवाब भी होंगे, जिससे छात्र अपनी समझ को और बेहतर बना सकें।
एमेजॉन ने इस कार्यक्रम की शुरुआत 2021 में की थी। अब तक करीब 10,000 छात्रों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसमें प्रायौगिक प्रशिक्षण, वास्तविक जिंदगी से जुड़े उदाहरण और एमेजॉन के टॉप मशीन लर्निंग वैज्ञानिकों से मार्गदर्शन शामिल रहा है।
एमेजॉन में मशीन लर्निंग के उपाध्यक्ष राजीव रस्तोगी ने बताया, ”एमेजॉन में हम मानते हैं कि असली नवाचार की शुरुआत ज्ञान, मार्गदर्शन और अवसर देने से होती है। एमएल समर स्कूल एक ऐसा मंच है जहाँ उभरती हुई प्रतिभाएं एआई और एमएल की बदलती दुनिया में सीखने, प्रयोग करने और आगे बढ़ने का मौका पाती हैं।”
इस कार्यक्रम का सिलेबस उद्योग की जरूरतों और विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों के अनुसार तैयार किया गया है, ताकि अलग-अलग स्तर के छात्रों के लिए यह समझना आसान हो जाए।
